
जम्मू-कश्मीर, 6 Feb : जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जम्मू ने शुक्रवार को पुलिस विभाग के एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ASI पर 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है।
ACB के अनुसार, इस मामले में थाना ACB जम्मू में एफआईआर नंबर 02/2026 दर्ज की गई है। आरोपी की पहचान मोहिंदर लाल के रूप में हुई है, जो जिला जम्मू के पुलिस थाना खौर में तैनात था।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ASI ने शिकायतकर्ता से उसके रिश्तेदार महिला के पति के खिलाफ कार्रवाई करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। बताया गया कि महिला को उसका पति लगातार परेशान करता था और उसके साथ मारपीट करता था। रिश्वत देने से इंकार करने पर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने गुप्त जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान ACB की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी ASI को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
ACB की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के सरकारी आवास, जो पुलिस थाना खौर परिसर में स्थित है, की तलाशी भी ली। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।






