
राजौरी , 6 Feb : राजौरी सिटी में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बिना किसी बारिश के ही डक्की बाज़ार क्षेत्र में सेलाब जैसे हालात देखने को मिले। तड़के सुबह नालियों के ओवरफ्लो होने से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डक्की बाज़ार, जो राजौरी शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है, वहां पानी भरने से कई दुकानों में पानी घुस गया। दुकानदारों को अपनी दुकानें देर से खोलनी पड़ीं, वहीं पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस पूरी स्थिति पर समाजसेवी रीतिन्शु घाई ने म्युनिसिपल काउंसिल (MC) राजौरी की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब बिना बारिश के यह हाल है, तो बरसात के मौसम में हालात कितने भयावह होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नालियों की समय पर सफाई न होना और ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली इसकी मुख्य वजह है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या को लेकर प्रशासन को अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। लोगों ने मांग की है कि डक्की बाज़ार सहित पूरे शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।
घटना के बाद नगर परिषद की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं और आम जनता प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रही है।







