
पुंछ , 1 Feb : रविवार को पुंछ जिले की मंडी तहसील के जन्द्रोला क्षेत्र में हुए एक निजी कार के भीषण हादसे में 2 लोगों की मौत व 2 के घायल होने का मामला सामने आया है। घायलों के उपचार के लिए राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पुंछ में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये हादसा रविवार को उस समय पेश आया जब 4 दोस्त एक निजी वाहन में सवार होकर ज़िले की मंडी तहसील के ऊंचाई वाले क्षेत्र में जा रहे थे, वहीं जब वाहन जन्द्रोला क्षेत्र में पहुंचा तो अचानक हादसे का शिकार होकर गहरी खाई में जा गिरा और कई पलटे खाते हुए वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं हादसे के बाद आस-पास के लोग फौरन मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को निकाल कर उपचार हेतु राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने दो लोगों जिनकी पहचान चितिन्दरपाल सिंह एवं कुलबीर सिंह के रूप में की गई उन्हें मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य दो घायलों का उपचार शुरू किया गया।
वहीं हादसे में मारे गए लोगों के शव का पोस्टमॉर्टम एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी कर अंतिम क्रियाओं हेतु परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस द्वारा इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है गई वहीं दोनों की मृत्यु की खबर के बाद सारे क्षेत्र में मातम की लहर दौड़ पड़ी है। हादसे के शिकार दोनों मृतक बिजली विभाग के कर्मी थे और पक्के दोस्त थे जो हमेशा इक्कठे ही रहते थे। एक कर्मचारी ने बताया की दोनों की इतनी पक्की दोस्ती थी की एक कर्मी का विंग चेंज होने पर दूसरे ने भी अपना विंग चेंज करवाया और दोनों इक्कठे एक ही विंग में सेवाएं प्रदान करते थे ओर मौत भी उन्हें अलग नहीं कर पाई।






