जम्मू , 10 Apr : कश्मीर में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है, तो जम्मू समेत संभाग के अन्य मैदानी इलाकों में पसीने छूट रहे हैं। यहां अधिकांश जिलों में दिन का पारा सामान्य से 4 से 8 डिग्री तक ऊपर रहने से गर्मी का अहसास बढ़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 10 और 11 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा 19.0 और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में दिन का पारा 16.0 और गुलमर्ग में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जम्मू में बुधवार को सुबह से ही गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया था।
दोपहर के समय तपिश से पसीने छूट रहे थे। यहां अधिकतम पारा सामान्य से 6.6 डिग्री चढ़कर 37.0 और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 22.2, बटोत में 26.7, कटड़ा में 34.5 और भद्रवाह में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।