मुंबई ,20 Dec : मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास बुधवार को हुए भयावह हादसा के बारे में नौसेना के एक घायल कर्मचारी ने पुलिस को एक बड़ी जानकारी दी। कर्मचारी ने बताया कि नौसेना के जहाज का चालक इंजन परीक्षण के दौरान जहाज से नियंत्रण खो बैठा था, जिसके कारण समुद्र में यह दुर्घटना हुई।
गौरतलब है, मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास बुधवार को उस वक्त हादसा हुआ था, जब नौसेना के एक जहाज ने एक यात्री नाव नील कमल को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोगों को बचाया गया है। मरने वालों में चार नौसैनिक भी शामिल हैं। इस हादसे से पहले नौसेना का जहाज अरब सागर में चक्कर लगा रहा था। वहीं जानकारी के मुताबिक, यात्री नाव गेटवे ऑफ इंडिया से एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही थी।
पुलिस ने घायल नौसैनिक कर्मवीर यादव का बयान दर्ज किया। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यादव के मुताबिक, जहाज इंजन परीक्षण के दौरान दुर्घटना का शिकार हुई।
इससे पहले, मामले की जांच कर रहे मुंबई पुलिस के अधिकारी ने हादसे को लेकर बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि गेटवे ऑफ इंडिया पर नौसेना के एक जहाज से टकराने के बाद पलटी पर्यटक नाव नीलकमल में 90 यात्रियों की क्षमता थी, लेकिन हादसे के दौरान उसमें 100 से अधिक यात्री सवार थे। महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड द्वारा जारी दस्तावेजों के अनुसार, पर्यटक नाव में 84 यात्रियों और छह चालक दल के सदस्यों को ले जाने की क्षमता थी।