-1791282490690_v.webp)
कटड़ा, 6 Oct : पवित्र शारदीय नवरात्र महोत्सव और मां वैष्णो देवी यात्रा के दौरान कटड़ा में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली है।
आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन तक पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कटड़ा और यात्रा मार्ग के प्रमुख व संवेदनशील स्थानों पर 500 से अधिक एआइ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ की स्थिति और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कटड़ा और भवन में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) को भी पूरी तरह सक्रिय किया गया है। यहां से एआइ आधारित कैमरों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों पर बारीकी से निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी भी असामान्य गतिविधि या भीड़ के दबाव की स्थिति में तत्काल संबंधित टीमों को सक्रिय किया जा सकेगा।
कटड़ा से भवन तक त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी भवन परिसर, सभी यात्रा मार्गों और आधार शिविर कटड़ा में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस के साथ सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के जवान भी लगातार निगरानी कर रहे हैं।





