
जम्मू , 24 Aug : सतवारी पुलिस थाने में वाहन की खरीद-फरोख्त और उसके बाद वाहन गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अप्पर गाडीगढ़, जम्मू निवासी सुरिंदर कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई।
उसने बताया कि वाहन ऋण खाते में करीब 2.49 लाख रुपये जमा किए गए, नासिर अहमद को करीब 40 हजार रुपये का भुगतान किया गया और करीब 1.20 लाख रुपये नकद दिए गए। हालांकि, इन लेनदेन की वास्तविक प्रकृति और उद्देश्य की पुष्टि संबंधित बैंक, ऋण वित्तपोषण संस्था और यूपीआई सेवा प्रदाता से की जानी बाकी है।
3.16 लाख रुपये की नकदी और दस्तावेज थे अंदर
शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि कुछ दिन पूर्व जब वह उस स्थान पर पहुंचा, जहां वाहन खड़ा किया गया था, तो वाहन वहां से गायब था। उसके अनुसार, वाहन में उसका पर्स भी रखा था, जिसमें व्यक्तिगत दस्तावेज, कार्ड और नकदी समेत करीब 3.16 लाख रुपये की सामग्री थी।
इसके अलावा एक सोने की अंगूठी भी वाहन के साथ गायब हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वाहन के गायब होने के साथ-साथ वाहन की खरीद-फरोख्त से जुड़े आरोपों की जांच शुरू कर दी है।






