-1787058672372_v.webp)
जम्मू, 18 Aug : सेवा भर्ती नियमों को अधिसूचित करने में लगातार हो रही देरी के विरोध में मंगलवार को जम्मू के तीन मेडिकल कालेजों के बाद कश्मीर के बारामुला और अनतंनाग मेडिकल कालेजों के गैर राजपत्रित कर्मचारियों ने भी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। इससे इन कालेजों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं।
दोनों ही कालेजों में ओपीडी सेवाएं बंद
बारामुला और अनतंनाग दोनो ही मेडिकल कालेजों के गैर राजपत्रित कर्मचारियों ने कालेज परिसर में ही प्रदर्शन किया और धरना दिया। दोनों ही कालेजों में ओपीडी सेवाएं बंद रहीं और रूटीन में होने वाली सर्जरी भी नहीं हुई।कर्मचारियों ने कहा कि उनकी नियुक्ति सात वर्ष पहले जब हुई थी तो मेडिकल कालेजों के अस्पतालों की क्षमता तीन सौ बिस्तरों की थी।
अब 500 बिस्तरों की हो गई है। लगातार काम का बोझ बढ़ा है। लेकिन भर्ती नियम न होने से उनकी पदोन्नति नहीं हो रही है।
अन्य मेडिकल कालेजों की अपेक्षा उनका वेतनमान भी कम है। उनका कहना है कि सात वर्ष में उनकी दो पदोन्नतियां होनी थी लेकिन एक भी नहीं हुई।
कर्मचारियों का आरोप
उन्होंने कहा कि राजपत्रित कर्मचारी उनके साथ नियुक्त हुए थे और उनकी पदोन्नतियां भी हुई हैं लेकिन उनकी अपेक्षा की जा रही है। इन कालेजों के कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। हर बार उन्हें आश्वासन दिया जाता है कि उनकी पदोन्नति हो रही है। लेकिन ऐसा होता नहीं है।
हड़ताल के कारण मरीजों हुए दरबदर
कर्मचारियों ने कहा कि इस बार जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मरीजों को दरबदर होना पड़ा। बहुत से मरीज इन अस्पतालों में जब आए तो ओपीडी सेवाएं बंद देख वापस चले गए। इमरजेंसी को छोड़ कर अन्य कहीं पर कोई टेस्ट भी नहीं हो पा रहा था।





