
राजौरी , 16 July : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आई है। चप्परियां इलाके में खंडली ब्रिज और जवाहर नगर के बीच आज गुरुवार को एक यात्री टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टेंपो में सवार 8 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेंपो सामान्य गति से अपने रूट पर जा रहा था तभी अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क पर पलट गया। टेंपो पलटते ही उसमें सवार यात्रियों की चीख-पुकान शुरू हो गई। आसपास के लोगों ने जब टेंपो को पलटा हुआ देखा तो तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
घायलों को तुरंत पहुंचाया GMC
हादसे की सूचना मिलते ही राजौरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि टेंपो का रजिस्ट्रेशन नंबर JK02DB-9194 है। पुलिस और स्थानीय निवासियों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को बड़ी मुश्किल से टेंपो से बाहर निकाला गया और तुरंत एंबुलेंस की मदद से राजौरी के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) एसोसिएटेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सभी घायलों का इलाज जारी है। हालांकि, अभी तक किसी की भी हालत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक ही गांव के हैं सभी घायल
इस हादसे में घायल हुए सभी 8 लोग जामुला गांव के रहने वाले हैं और इनमें छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों की पहचान रुबीना कौसर (22) पुत्री मोहम्मद आसिफ, वैद्य परेश (70) पुत्र नेता राम, पूजा देवी (28) पुत्री तिलक राज, निशु शर्मा (12) पुत्री फलाल कुमार, मिसबा कौसर (6) पुत्री बरशित हुसैन, अभिलिश शर्मा (13) पुत्र फलाल कुमार, अशोक कुमार (43) पुत्र वेद प्रकाश और मोहम्मद आरिफ (26) पुत्र अब्दुल अजीज शामिल है।
6 साल की मासूम मिस्बा और 12-13 साल के बच्चों के घायल होने की खबर से पूरे जामुला गांव में चिंता का माहौल है। परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज गति या तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ होगा, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सफर के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।


-1784279791157_v.webp)

-1784290128116_v.webp)


