
जम्मू-कश्मीर , 1 April : जम्मू-कश्मीर के गांदरबल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मंगलवार की शाम सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर कर दिया गया है. यह पूरी कार्रवाई गांदरबल के अरहामा इलाके में हुई है. भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक खुफिया इनपुट के आधार पर इस ज्वाइंट ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसे अब ‘ऑपरेशन अरहामा’ का नाम दिया गया है.
कैसे शुरू हुई मुठभेड़?
दरअसल, सुरक्षा एजेंसियों को पुख्ता जानकारी मिली थी कि अरहामा के रिहायशी इलाके में 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं. खबर मिलते ही जवानों ने बिना वक्त गंवाए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी. जैसे ही घेरा सख्त हुआ और जवान संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचे, अंदर छिपे आतंकियों ने उन पर फायरिंग झोंक दी. जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आतंकी मारा गया.
अभी खत्म नहीं हुआ है खतरा
भले ही एक आतंकी मारा जा चुका है, लेकिन सेना का मिशन अभी खत्म नहीं हुआ है. अंदेशा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर 1-2 आतंकी अभी भी आसपास ही कहीं छिपे हो सकते हैं. चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, क्योंकि यह इलाका रिहायशी है और वहां काफी मकान हैं, इसलिए सर्च ऑपरेशन बहुत फूंक-फूंक कर चलाया जा रहा है.
जवानों की पहली प्राथमिकता यही है कि किसी भी आम नागरिक को इस गोलीबारी में आंच न आए. रात के समय आतंकी भागने की कोशिश न कर सकें, इसके लिए पूरे इलाके में फ्लड लाइटें लगा दी गई हैं और घेराबंदी को और ज्यादा टाइट कर दिया गया है.
घाटी में सुरक्षाबलों का ‘ऑपरेशन क्लीन’
एहतियात के तौर पर स्थानीय प्रशासन ने मुठभेड़ स्थल की ओर जाने वाली सभी सड़कों को फिलहाल बंद कर दिया है. पिछले कुछ हफ्तों पर गौर करें तो कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सेना का एक्शन काफी तेज हुआ है. गांदरबल की यह मुठभेड़ उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके तहत आतंकियों को उनके बिलों में ही घेरा जा रहा है.
अधिकारियों का साफ कहना है कि जब तक इलाके से आखिरी आतंकी का सफाया नहीं हो जाता, तब तक यह घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी रहेगा. फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जोरों पर है.