
श्रीनगर , 26 Mar : काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने गुरुवार को एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल की चल रही जांच के तहत कश्मीर भर में कई जगहों पर छापे मारे है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन जिलों में 10 जगहों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें गांदरबल में छह, शोपियां में तीन और श्रीनगर में एक जगह शामिल है। उन्होंने बताया कि यह जांच एक ऐसे आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी है जिसे शब्बीर अहमद लोन नाम का व्यक्ति चला रहा है। लोन कश्मीर का रहने वाला है और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का सदस्य है, जो फिलहाल बांग्लादेश में रह रहा है। अधिकारियों ने बताया कि गांदरबल जिले के कंगन इलाके का रहने वाला लोन देश के बाहर से अपनी गतिविधियां चला रहा है।
अधिकारी ने कहा, “इस मामले का संबंध एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से है। इस मॉड्यूल को बांग्लादेश और पाकिस्तान में बैठे LeT के आकाओं से निर्देश मिलते हैं।”
उन्होंने बताया कि ये तलाशी अभियान एक सक्षम अदालत द्वारा जारी किए गए सर्च वारंट के आधार पर चलाए जा रहे हैं। ये वारंट हाल ही में CIK पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए एक नए आतंकी जांच मामले के सिलसिले में जारी किए गए थे।





