
जम्मू, 24 Nov : शेषनाग झील के आसपास चल रहे निर्माण कार्य और भारी मशीनों के इस्तेमाल को लेकर उठे विवाद के बीच पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को मंगलवार को चंदनवाड़ी में रोक दिया गया। वह दक्षिण कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में स्थित शेषनाग झील की ओर जाकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने जा रही थीं। आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने पर महबूबा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके सबसे बड़े डर सच साबित हो गए हैं। उन्होंने हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र में हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की और संभावित पर्यावरणीय आपदा की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील हिमनदीय पारिस्थितिकी तंत्र में निर्माण गतिविधियों को लेकर उठ रहे सवाल लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।
शेषनाग में निर्माण कार्यों पर उठाए सवाल
उन्होंने लिखा, ‘आज मेरे सबसे बड़े डर सच साबित हो गए, जब पुलिस ने मुझे शेषनाग की ओर जाने से रोक दिया। इस नाजुक हिमनदीय पारिस्थितिकी तंत्र में निर्माण कार्यों को लेकर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं।’
उन्होंने आगे चेतावनी दी कि आज जिस सच्चाई को छिपाया जा रहा है, वह कल मानव निर्मित आपदा का कारण बन सकती है। अमरनाथ गुफा, यात्रा मार्ग और आसपास के पहाड़ों को एक संपूर्ण पारिस्थितिक इकाई के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए।
भारी मशीनों से खुदाई पर पर्यावरणीय चिंता
दरअसल, समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील के आसपास भारी मशीनों के इस्तेमाल, खुदाई और रास्ते को चौड़ा करने के कार्य को लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सवाल उठ रहे हैं। पर्यावरणविदों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इस तरह की गतिविधियां हिमालय के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र, प्राकृतिक जलस्रोतों और आसपास के पर्यावरण को प्रभावित कर सकती हैं।
महबूबा मुफ्ती इससे पहले भी इस निर्माण कार्य पर सवाल उठा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर निर्वाचित सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उनका कहना रहा है कि विकास के नाम पर कश्मीर के जंगलों, पहाड़ों और जलस्रोतों को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए निर्माण का दावा
दूसरी ओर, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने निर्माण कार्य का बचाव करते हुए कहा है कि अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रास्ते को चौड़ा और स्थिर बनाया जा रहा है। संगठन का दावा है कि इस दौरान पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है।
पीडीपी के अनुसार, महबूबा मुफ्ती के साथ पुलवामा के विधायक वहीद-उर-रहमान पारा, आगा मुंतज़िर और शबीर मीर भी मौजूद थे।






