

जम्मू, 22 Oct : लद्दाख के मुद्दों को लेकर केंद्र के साथ नई दिल्ली में गुरुवार को होने वाली बैठक रद हो गई है। इसे लेकर पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए सोनम वांगचुक ने भाजपा सरकार पर अपने वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया है। वांगचुक ने बताया कि वे बातचीत की उम्मीद में दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि बातचीत नहीं हो रही है।
वहीं, दूसरी ओर जिस देश से हम प्यार करते हैं, वह हमारे साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर रहा है। वे अपने हर वादे से इस हद तक पीछे हट रहे हैं कि लद्दाख के लोगों को बाकी देश के लोगों के बराबर का दर्जा भी नहीं दे रहे हैं।
नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत छह महीने तक जेल में रहे वांगचुक ने एक वीडियो बयान में कहा कि सबसे पहले, मैं आपको बताना चाहता हूं कि 15 अक्टूबर को लेह में हुई बातचीत पूरी तरह विफल रही। इसका कोई नतीजा नहीं निकला क्योंकि केंद्र सरकार अपने वादों से पीछे हट गई।
पर्यावरणविद ने कहा कि फिर उन्होंने कहा कि वे 22 अक्टूबर को दिल्ली में फिर से बातचीत करेंगे। इसलिए मैंने अपनी टिकटें बुक कर लीं। लेकिन अब बताया जा रहा है कि बातचीत नहीं हो रही है।
15 अक्टूबर को गृह मंत्रालय के अधिकारियों और लद्दाख के नेताओं के बीच हुई बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका, जबकि इससे पहले 22 मई को हुई एक बैठक में दोनों पक्ष कुछ अहम बिंदुओं पर सहमत हो गए थे।







