
श्रीनगर, 23 Nov : जम्मू-कश्मीर में JKSSB भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी PDP की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को आगाह करते हुए वर्ष 1987 की गलतियों की पुनरावृत्ति न करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और योग्य युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता जम्मू-कश्मीर के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि मामला महज कुछ परीक्षा केंद्रों तक सीमित मानकर खारिज नहीं किया जा सकता। हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य और भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता का सवाल है, इसलिए सरकार को पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।
CM और LG के बीच जिम्मेदारी को लेकर खींचतान पर सवाल
उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल के बीच जिम्मेदारी को लेकर कथित खींचतान पर भी सवाल उठाए। महबूबा ने कहा कि यदि दोनों संवैधानिक पदों पर बैठे लोग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय साथ बैठकर समाधान निकालें तो युवाओं के हित में फैसला हो सकता है।
मुख्यमंत्री जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और युवाओं के भविष्य से जुड़े ऐसे संवेदनशील मामलों पर उन्हें निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए।
1987 की याद दिलाकर सरकार को किया आगाह
PDP अध्यक्ष ने वर्ष 1987 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में भी बड़ी संख्या में युवा लोकतांत्रिक और राजनीतिक मुख्यधारा का हिस्सा बनना चाहते थे, लेकिन चुनाव में कथित धांधली के आरोपों ने व्यवस्था के प्रति उनके भरोसे को प्रभावित किया। महबूबा के अनुसार, उस दौर की घटनाओं के दूरगामी दुष्परिणाम सामने आए, जिनमें हिंसा, जान-माल का नुकसान और बड़े पैमाने पर विस्थापन जैसी त्रासदियां शामिल रहीं।
उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर का युवा अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर आगे बढ़ना चाहता है। वह वर्षों तक पढ़ाई करता है, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है और सरकारी नौकरी के जरिए अपने परिवार का भविष्य संवारने का सपना देखता है।
ऐसे में यदि भर्ती प्रक्रिया में कथित धांधली के कारण उसकी मेहनत और योग्यता को दरकिनार किया गया तो इससे युवाओं में निराशा और व्यवस्था के प्रति अविश्वास गहरा सकता है।
जांच पूरी होने तक SI भर्ती परीक्षा टालने की मांग
महबूबा ने स्पष्ट किया कि 28 नवंबर की एसआई भर्ती परीक्षा को जांच पूरी होने तक टालना जरूरी है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय की आशंका न रहे।
सुरक्षा सत्यापन के नाम पर युवाओं को परेशान करने का आरोप
महबूबा मुफ्ती ने सरकारी नौकरियों में चयनित अभ्यर्थियों के सुरक्षा सत्यापन और पासपोर्ट क्लीयरेंस में हो रही कथित देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि कई युवा चयनित होने के बावजूद वर्षों से सरकारी सेवा में शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं। कुछ मामलों में आवेदकों के परिजनों की पूर्व सैन्य सेवा अथवा उनकी मृत्यु को आधार बनाकर सत्यापन प्रक्रिया लंबित रखे जाने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि जब संबंधित अभ्यर्थी स्वयं कानूनी प्रक्रिया से गुजर चुके हैं और उनके मामलों में स्थिति स्पष्ट है, तब भी सत्यापन के नाम पर उन्हें लंबे समय तक इंतजार कराना उनके भविष्य के साथ अन्याय है। इसका असर न केवल उनकी सरकारी नौकरी, बल्कि विदेश यात्रा और अन्य व्यक्तिगत अवसरों पर भी पड़ रहा है।
पीडीपी अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने हाल ही में यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाया था और उन्हें इस पर कार्रवाई का आश्वासन मिला है। उन्होंने उमर अब्दुल्ला से आग्रह किया कि वह भी केंद्रीय गृह मंत्री के साथ इस मुद्दे को उठाएं, ताकि पात्र युवाओं को अनावश्यक प्रशासनिक अड़चनों और परेशानियों से मुक्ति मिल सके।
बेरोजगारी के संकट में भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता अहम
महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पहले ही बेरोजगारी की गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है। ऐसे हालात में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया का पारदर्शी, निष्पक्ष और संदेह से परे होना बेहद जरूरी है। यदि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार अनियमितताओं के आरोप सामने आते हैं और चयनित युवाओं को सुरक्षा सत्यापन व पासपोर्ट क्लीयरेंस के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता है तो इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति युवाओं का भरोसा कमजोर हो सकता है।
उन्होंने सरकार से राजनीतिक और प्रशासनिक मतभेदों को दरकिनार कर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की। महबूबा ने कहा कि युवाओं की मेहनत, योग्यता और भविष्य की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
30 करोड़ फीस वसूली को लेकर सरकार को घेरा
इससे पहले भी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार पर जोरदार हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में परीक्षा घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसकी सबसे बड़ी कीमत मेहनती छात्रों को अपने भविष्य से चुकानी पड़ रही है।
महबूबा ने कहा था कि कि एक साल में छात्रों से करीब 30 करोड़ रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद सरकार उन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था मुहैया कराने में नाकाम साबित हो रही है।







