
श्रीनगर, 20 Nov : पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) और नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में भर्ती परीक्षाओं में धांधली अब अपवाद नहीं, बल्कि आम बात बन गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर उठाए सवाल
इल्तिजा ने JKSSB के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें मामले को एक अलग-थलग घटना बताया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से जम्मू-कश्मीर में लगभग हर बड़ी भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इनमें पुलिस सब-इंस्पेक्टर, जल शक्ति विभाग, सिविल सेवा और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की परीक्षाएं शामिल हैं।
उन्होंने वर्ष 2022 की पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र 15 से 20 लाख रुपये में बेचे गए थे।
परीक्षा केंद्र के अंदर से लीक हुआ पेपर: इल्तिजा
इल्तिजा मुफ्ती ने सवाल उठाया कि कड़ी जांच और तलाशी के दावों के बावजूद अभ्यर्थियों के कानों तक माइक्रोचिप कैसे पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि ये माइक्रोचिप केवल कॉल प्राप्त कर सकती हैं, जानकारी भेज नहीं सकतीं।
ऐसे में आशंका है कि प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र के अंदर से किसी व्यक्ति ने बाहर भेजा होगा। इसके बाद इंटरनेट के माध्यम से उत्तर तलाशकर अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए होंगे।
आवेदन शुल्क के नाम पर 113 करोड़ रुपये वसूले जाने का आरोप
पीडीपी नेता ने दावा किया कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच JKSSB ने आवेदन शुल्क के नाम पर अभ्यर्थियों से करीब 113 करोड़ रुपये एकत्र किए हैं, जबकि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से युवाओं को आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि युवा दिन-रात मेहनत करते हैं, आवेदन शुल्क भरते हैं और परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन घोटालों के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने सवाल किया कि अभ्यर्थियों से वसूले गए पैसे का आखिर क्या इस्तेमाल हो रहा है। इल्तिजा ने आरोप लगाया कि JKSSB एक भर्ती बोर्ड की बजाय माफिया की तरह काम कर रहा है।
उन्होंने ब्लैकलिस्ट की गई कंपनी एप्टेक (Aptech) को परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी दिए जाने पर भी सवाल उठाए और पूछा कि कंपनी की पृष्ठभूमि की जानकारी होने के बावजूद उसे यह काम क्यों सौंपा गया।
‘श्रेय लेना हो तो JKSSB आपका, घोटाला हो तो जिम्मेदारी नहीं’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए इल्तिजा ने कहा कि जब युवा अपनी शिकायतें लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि JKSSB उनके नियंत्रण में नहीं है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि बोर्ड मुख्यमंत्री के नियंत्रण में नहीं है तो मई में उन्होंने बोर्ड के कामकाज की समीक्षा के लिए बैठक क्यों की थी और पारदर्शी व समयबद्ध भर्ती सुनिश्चित करने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट क्यों किया था?
इल्तिजा ने कहा, ‘जब श्रेय लेने की बात आती है तो JKSSB आपका होता है, लेकिन जब घोटाला सामने आता है तो आप जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं।’
29 नवंबर की पुलिस SI परीक्षा को लेकर भी चिंता
इल्तिजा मुफ्ती ने 29 नवंबर को प्रस्तावित पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके एडमिट कार्ड जारी हो चुके हैं, लेकिन मौजूदा हालात में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के मन में JKSSB की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर संदेह पैदा हो गया है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर जैसे संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में सरकारी नौकरी युवाओं के लिए सुरक्षित भविष्य का एक महत्वपूर्ण विकल्प है। यदि भर्ती प्रक्रिया में लगातार गड़बड़ियां होती रहीं तो युवाओं में निराशा और मानसिक तनाव बढ़ेगा तथा वे नशे की ओर भी जा सकते हैं। उन्होंने इसके लिए JKSSB और नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
इल्तिजा मुफ्ती ने भर्ती घोटाले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने, JKSSB के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।





