
जम्मू, 19 Nov : शहर के व्यस्त बाजारों में यातायात व्यवस्था पहले ही वाहनों की बढ़ती संख्या और पार्किंग की कमी के कारण चरमराई हुई है। अब दुकानदारों और शोरूम संचालकों की ओर से प्रतिष्ठानों के बाहर ही अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए जाने से समस्या और गंभीर होती जा रही है। शहर के कई बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे ग्राहकों के लिए पार्किंग निर्धारित कर दी है। इसके लिए बाकायदा बोर्ड लगाकर लिखा जा रहा है कि संबंधित दुकान या शोरूम में खरीदारी करने वाले ग्राहक यहां अपने वाहन खड़े कर सकते हैं।
इस व्यवस्था के कारण सार्वजनिक सड़कों का एक हिस्सा निजी पार्किंग में तब्दील होता जा रहा है। पुराने शहर के लिंक रोड, पुरानी मंडी, जैन बाजार और मोती बाजार में ऐसे नजारे आम होते जा रहे हैं।
इसके अलावा रघुनाथ बाजार, कनक मंडी, राज तिलक रोड, शहीदी चौक, पक्का डंगा और सिटी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पार्किंग की समस्या बनी रहती है। इन बाजारों में सड़कें पहले से ही अपेक्षाकृत संकरी हैं। ऐसे में दुकानों के आगे वाहन खड़े होने से सड़क पर उपलब्ध जगह और कम हो जाती है।





