
श्रीनगर, 28 Oct : उत्तरी कश्मीर में झेलम नदी में रेत निकालने के दौरान एक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। बारामूला जिले के रफियाबाद के दचनपारा इलाके में रेत निकालते समय नाव से संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों झेलम नदी में गिर गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों लोग नाव में सवार होकर झेलम नदी से रेत निकाल रहे थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नदी में गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन, स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। हालांकि, अंधेरा होने के कारण पुलिस रात में बचाव अभियान शुरू नहीं कर सकी।
सुबह झेलम से निकाले गए दोनों के शव
पुलिस ने बुधवार तड़के तक बचाव अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बरामद किए गए।
दचनपारा के रहने वाले थे दोनों मृतक
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय जाविद अहमद मीर और 29 वर्षीय मोहम्मद अनीस मलिक के रूप में हुई है। पेशे से मजदूर दोनों दचनपारा के रहने वाले थे। इस घटना से इलाके में कोहराम मचा हुआ है।




