
जम्मू, 28 Oct : डोगरा सर्टिफिकेट की मांग को लेकर जम्मू में आवाज बुलंद करते हुए प्रदर्शनकारियों ने इसे डोगरा समाज की पहचान और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया। तवी पुल पर महाराजा हरि सिंह जी की प्रतिमा के निकट आयोजित प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डोगरा समाज के अधिकारों के लिए सभी को राजनीतिक और संगठनात्मक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना चाहिए।
प्रदर्शन के शामिल सन्नी कांत चिब ने कहा कि डोगरा समाज का इतिहास वीरता, साहस और बलिदान से भरा हुआ है। डोगरा युवाओं ने देश की सुरक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने डोगरा सर्टिफिकेट की मांग उठाते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति या संगठन की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि डोगरा पहचान से जुड़ा विषय है।
डोगरा समाज में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी शामिल
उन्होंने कहा कि डोगरा समाज में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी समुदायों के लोग शामिल हैं। इसलिए इस मुद्दे को किसी एक संगठन या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। वक्ता ने युवाओं से अपील की कि वे केवल राजनीतिक गतिविधियों और व्यक्तिगत हितों तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी ऐतिहासिक पहचान और अधिकारों के प्रति भी जागरूक हों।





