
श्रीनगर, 24 Oct : घाटी में शनिवार को मौसम ने फिर करवट बदली। सिंथन टॉप, साधना टॉप और राजदान टॉप समेत कई पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई। अनंतनाग को जोड़ने वाले सिंथन टॉप पर भी सुबह हल्की बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते घाटी में तापमान में और गिरावट आई। पहले से ही सामान्य से नीचे चल रहे तापमान के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
गौरतलब है कि पहाड़ों पर हालिया बर्फबारी व निचले इलाकों में हुई बारिश ने घाटी के तापमान में गिरावट लाई थी, जिसके चलते समूची घाटी ठंड की चपेट में आ गई थी। हालांकि इस बीच मौसम शुष्क रहा, अलबत्ता ठंड का प्रकोप जारी रहा।






