
किश्तवाड़ , 24 Oct : किश्तवाड़ विधायक शगुन परिहार का राजनीतिक सफर निजी त्रासदी, तकनीकी शिक्षा और सक्रिय जनजीवन के बीच आगे बढ़ा है। वर्ष 2018 में आतंकियों के हाथों पिता अजीत परिहार और चाचा अनिल परिहार को खोने के बाद भी उन्होंने सार्वजनिक जीवन से दूरी नहीं बनाई। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में किश्तवाड़ से जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। अब भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनके सामने युवाओं को संगठन से जोड़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर शगुन परिहार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी, भाजपा जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए गौरव और सम्मान का विषय है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करती रहेंगी। उन्होंने देशभर के कार्यकर्ताओं और युवा साथियों के सहयोग को अपनी ताकत बताया।





