
नई दिल्ली , 30 Sep : कारों के लिए E20 पेट्रोल की शुरुआत के बाद अब सरकार का फोकस पूरी तरह इथेनॉल या E100 पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल इंजनों पर केंद्रित हो गया है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में कहा कि इथेनॉल न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सक्षम है, बल्कि भारत की विदेशों से आने वाले पेट्रोलियम पर निर्भरता को भी काफी हद तक कम कर सकता है।
उन्होंने वैकल्पिक ईंधनों और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन के बढ़ते इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया। गडकरी मध्य प्रदेश में नई सार्वजनिक बस सेवा का उद्घाटन करने के बाद एक कार्यक्रम में बोल रहे थे, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे।







