
जम्मू, 28 Sep : जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग वाला मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का प्रस्ताव विधानसभा में पास हो गया। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और सदन का माहौल काफी गरमा गया।
मंगलवार तक के लिए स्थगित कार्यवाही
जब प्रस्ताव पर वोटिंग हो रही थी, तो भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। दिन का निर्धारित कामकाज पूरा होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
उमर ने 370 और 35A पर क्या कहा?
इससे पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सदन में प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें पहले दिन से पता था कि भाजपा इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के सदस्य सदन में हंगामा करेंगे और नारेबाजी करेंगे।
उमर ने कहा, हम नहीं चाहते थे कि इस प्रस्ताव में ऐसी कोई बात आए, जिसे भाजपा बहाना बनाकर सदन को बाधित करे। वे 370 और 35A की बात कर रहे हैं, लेकिन हम यहां सिर्फ स्टेटहुड के लिए वोट मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनके कुछ साथी जब इस प्रस्ताव के साथ ऑटोनॉमी और 35A को जोड़ते हैं तो इससे भाजपा को प्रस्ताव का विरोध करने का मौका मिल जाता है।
उमर ने कहा, “हम सिर्फ इतना कह रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर को जो दर्जा मिला हुआ था, वही हमें वापस दिया जाए।”
चार विधायकों को बाहर निकाला
बता दें कि हंगामा बढ़ने पर BJP और कांग्रेस के चार विधायकों को सदन से मार्शल आउट कर दिया गया। इनमें BJP विधायक विक्रम रंधावा और अरविंद गुप्ता तथा कांग्रेस विधायक इरफान हफीज लोन और इफ्तिखार अहमद शामिल हैं। इस दौरान विपक्षी सदस्यों की ओर से लगातार नारेबाजी जारी रही।





