![]()
Ujjain Violence , 28 Sep : उज्जैन में अचानक भारी उपद्रव और हिंसक झड़प देखने को मिली. शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान असंतुष्ट भीड़ बेकाबू हो गई. मस्जिद कमेटी और प्रशासन की रजामंदी से निर्माण हटाने का काम शांतिपूर्वक शुरू हुआ. हालांकि, सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद उपद्रवियों ने सीधे शहर काजी के मकान को निशाना बना लिया. हालात बिगड़ते देख शहर काजी खलीलुर्रहमान ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से शांति की अपील की है. इस बीच मामले के तार राजधानी भोपाल तक पहुंच गए हैं.
‘घरों में दुबक जाओ, काम करने दो’ (Shahi Masjid Ujjain Controversy)
रविवार रात प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच लंबी बातचीत के बाद सहमति बनी थी कि सरकारी बुलडोजर चलाने के बजाय मस्जिद कमेटी खुद सड़क की जद में आ रहे हिस्से को हटाएगी. असामाजिक तत्वों ने इसे मस्जिद तोड़े जाने का रंग देकर भीड़ जुटा ली. गुस्साई भीड़ सीधे शहर काजी के निवास पर पहुंच गई और उन्हें निशाने पर लेते हुए उनके घर पर जमकर पत्थरबाजी और गाली-गलौज की. शहर काजी खलीलुर्रहमान ने तुरंत वीडियो संदेश जारी कर समाज को चेताया
सड़कों पर गाड़ियों में तोड़फोड़ (Ujjain Violence Today News)
शहर काजी के घर और मौके पर तैनात पुलिस बल पर जब उपद्रवियों ने चौतरफा पथराव शुरू किया और खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की, तब पुलिस ने मोर्चा संभाला. उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे. एक तरफ शहर की सड़कों पर अफरा-तफरी मची थी, वहीं दूसरी ओर स्कूल खुले होने के चलते परिजनों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी घबराहट देखी गई.
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि अब तक 5 आपराधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. शहर काजी के घर हमला करने और पुलिस पर पत्थर बरसाने वाले 5 लोगों को तुरंत हिरासत में लिया गया है. प्रभावित क्षेत्र के 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर 2,000 से अधिक जवानों का पहरा बैठा दिया गया है. ड्रोन कैमरों से छतों और गलियों पर नजर रखी जा रही है.
उपद्रव का ‘भोपाल कनेक्शन’ (Ujjain Violence Bhopal Connection)
इस पूरे बवाल की तपिश राजधानी भोपाल तक पहुंच गई है. उज्जैन की फिजा बिगाड़ने और बाहर से आकर भीड़ जुटाने की साजिश में पुलिस ने मोहसिन को गिरफ्तार किया है, जो भोपाल से ऑल इंडिया मुस्लिम संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और भोपाल के कुछ नेटवर्क्स के जरिए सुनियोजित तरीके से युवाओं को भड़काकर शहर काजी और प्रशासन के खिलाफ खड़ा किया गया.
विधायक आरिफ मसूद का बयान (Arif Masood on Ujjain Masjid)
भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने मामले पर बयान जारी कर मुस्लिम समाज से संयम बरतने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने पुलिसिया बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि मामले में जबरन भ्रम फैलाकर माहौल खराब किया जा रहा है.
मसूद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घेरते हुए कहा कि चूंकि उज्जैन उनका गृह जिला है, इसलिए उन्हें इस मामले को पूरी गंभीरता से लेना चाहिए. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी ने साफ चेतावनी दी है कि भ्रामक पोस्ट डालने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को नामजद कर सख्त कानूनी शिकंजे में लिया जा रहा है.






