New Delhi,17 Sep : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने एक अभूतपूर्व राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शंखनाद कर दिया है. 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महीने भर के महा-उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ‘कर्मभूमि से जन्मभूमि’ यानी वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी की ओर निकलने वाली दोहरी ‘सेवा संकल्प बाइक रैली’ है.
10 राज्यों से गुजरने वाली और कुल 40,000 किलोमीटर का सफर तय करने वाली इस ऐतिहासिक बाइक यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
काशी से सेवा संकल्प बाइक रैली हुई रवाना(Seva Sankalp bike yatra)
आयोजकों के मुताबिक, वाराणसी से गुजरात के वडनगर और वडनगर से काशी तक चलने वाला यह काफिला महज एक बाइक यात्रा नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेदाग सार्वजनिक जीवन, राष्ट्र निर्माण और सुशासन के मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने का एक विराट अभियान है.
दो अलग-अलग दिशाओं से एक साथ शुरू हुई यह बाइक रैली भारत के 10 प्रमुख राज्यों के सैकड़ों जिलों और हजारों गांवों से गुजरेगी. 40,000 किलोमीटर का यह लंबा सफर तय करते हुए युवा बाइकर्स ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का बुलंद संदेश पूरे देश में फैलाएंगे.
बाइक रैली के दौरान दिग्गजों का महाजुटान
वाराणसी में यात्रा के इस भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एकजुटता और जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान विशेष रूप से उपस्थित रहे.
एनडीए के इन सभी दिग्गजों ने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि काशी (जहाँ से पीएम मोदी 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन बार सांसद चुने गए) से वडनगर की यह यात्रा देश की राजनीति में एक नया इतिहास रचेगी.
‘कर्मभूमि से जन्मभूमि’ का अनूठा संगम
यह रैली(Seva Sankalp bike yatra) केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम न होकर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भावनाओं का संगम बन चुकी है. यात्रा की शुरुआत से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और महारुद्राभिषेक किया गया. ललिता घाट से जल भरकर निकले बाइकर्स डमरू दल और शंखनाद की गूंज के बीच रवाना हुए.
प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर और उनकी कर्मभूमि काशी को जोड़ने वाली यह यात्रा दोनों छोर से एक साथ आगे बढ़ेगी, जिससे देश के पूरब से लेकर पश्चिम तक एक भावनात्मक और विकासात्मक ऊर्जा का संचार होगा.
रास्ते भर चलेंगे 6 बड़े जनजागरूकता अभियान
40 हजार किलोमीटर की इस लंबी यात्रा के दौरान हर पड़ाव और विश्राम स्थल को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि रास्ते में व्यापक सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बाइकर्स का यह दल पूरे मार्ग में स्वच्छता अभियान, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को लेकर जनजागरूकता फैलाएगा. रास्ते में जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं, जनसंवाद और दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएंगे रिपोर्ट कार्ड
भारतीय जनता पार्टी इस पूरे एक महीने को (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) एक विशाल जन-संपर्क अभियान (PM Modi Birthday Seva Sankalp) के रूप में मना रही है. बाइक रैली इस अभियान का सबसे प्रमुख और आक्रामक हिस्सा है. यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और भाजयुमो के युवा सिपाही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2001 से लेकर 2026 तक के 25 वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक फैसलों का लेखा-जोखा देश के कोने-कोने में आम जनता के बीच बांटेंगे.
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82







