जम्मू, 15 Sep : शहर के बख्शी नगर इलाके में गुरुद्वारा साहिब से घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के साथ चेन छीनने और लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार का आरोप है कि नशे में धुत युवक महिला का पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंच गया और अंदर घुसने का प्रयास किया।
घटना के बाद से महिला और उसका परिवार काफी डरा हुआ है। परिवार के सदस्यों ने आरोपित तरुण सिंह को दबोच कर उसे बख्शी नगर पुलिस को सौंप दिया है, यहां उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ित महिला कुलदीप कौर ने बताया कि वह रविवार रात आठ बजे बजे गुरुद्वारा साहिब से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक युवक पीछे से उनका पीछा करने लगा। युवक ने उनसे चेन, पैसे और मोबाइल देने की मांग की। महिला ने बताया कि वह घबराकर भागने लगीं और किसी तरह युवक से बचते हुए अपने घर पहुंचीं।







