
कटड़ा,24 Aug : मौसम में लगातार हो रहे सुधार के चलते मां वैष्णो देवी की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुखद और सुरक्षित बनी हुई है। सोमवार को दिनभर श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर परिवार एवं मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। वर्तमान में यात्रा के सभी प्रमुख मार्ग सुचारू हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
सोमवार सुबह कुछ घंटों तक श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रही, लेकिन बाद में त्रिकूट पर्वत पर बादलों के जमघट के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को स्थगित करना पड़ा। वहीं, यात्रा के दौरान बैटरी कार, रोपवे, केवल कार के साथ-साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवा भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रही।
बरसात के मौसम को देखते हुए यात्रा मार्गों पर आपदा प्रबंधन दल, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान लगातार तैनात हैं। सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों द्वारा यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है।
आज धूप भी खिली रही
सोमवार को दिन के अधिकांश समय मौसम सामान्य रहा और धूप भी खिली रही। हालांकि, उमस के कारण श्रद्धालुओं को कुछ परेशानी महसूस हुई, लेकिन त्रिकूट पर्वत पर बादलों के जमघट के बीच चल रही ठंडी हवाओं से उन्हें राहत भी मिलती रही। सुहाने मौसम के बीच श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए।

-1787572265661_v.webp)




