-1786369705276_v.webp)
जम्मू, 10 Aug : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विशेष नकद पुरस्कार समारोह में जम्मू-कश्मीर के 580 उत्कृष्ट खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय एथलीटों को कुल 2.71 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए। यह पुरस्कार वर्ष 2023-24 और 2024-25 में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के लिए दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने समारोह में 22 खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से पुरस्कार प्रदान किए, जबकि अन्य लाभार्थियों को पुरस्कार राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।
सीएम ने सभी खिलाड़ियों को दी बधाई
समारोह को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और कहा कि यह नकद पुरस्कार जम्मू-कश्मीर में खेल प्रतिभाओं को अधिक प्रोत्साहन और सहयोग देने की सरकार की कोशिशों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है, लेकिन बेहतर सुविधाएं, कोचिंग, उपकरण और प्रशिक्षण के अवसर मिलने पर वे और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के माता-पिता और परिवारों के योगदान को भी सराहा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास रहेगा कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों पर कोचिंग, प्रशिक्षण, खेल उपकरण और यात्रा का अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाली सहायता को भविष्य में धीरे-धीरे बढ़ाया जाना चाहिए।
खेल ढांचे में सुधार पर जोर
उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में खेल बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम करने की जरूरत है।उन्होंने सिंथेटिक ट्रैक, बेहतर खेल मैदान, इनडोर सुविधाओं और प्रशिक्षण केंद्रों की कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ी और अधिक सर्दी वाले क्षेत्रों में मौसम के कारण कई महीनों तक आउटडोर प्रशिक्षण प्रभावित होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ऊंचाई खिलाड़ियों के लिए एक प्राकृतिक लाभ है और इसका उपयोग उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने विभिन्न खेलों के विकास पर समान रूप से ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों और उभरती खेल विधाओं को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने हाल में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों की क्रिकेट और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी खेलों के विकास के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
नशे के खिलाफ खेलों को बनाया जाएगा हथियार
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों को महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल एक दिन या नारे तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।उन्होंने कहा कि पर्याप्त खेल ढांचा और युवाओं की खेलों में भागीदारी ही एंटी-ड्रग अभियान को प्रभावी बनाने में मदद कर सकती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के एमएमए फाइटर ओवैस याकूब को बुल्गारिया में आयोजित ब्रेव सीएफ 107 में शानदार जीत के लिए सम्मानित किया। ओवैस याकूब ने इस मुकाबले में दो बार के अपराजित वर्ल्ड चैंपियन को हराकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी।
एंटी-ड्रग्स और एंटी-डोपिंग अभियान की शुरुआत
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने एंटी-ड्रग्स और एंटी-डोपिंग अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के एक खेल आइकन को अभियान की मशाल सौंपी। यह मशाल जागरूकता अभियान के तहत श्रीनगर के विभिन्न स्कूलों और इलाकों में ले जाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल जगत से जुड़े प्रतिष्ठित खिलाड़ी युवाओं में नशे और डोपिंग के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ स्वच्छ और निष्पक्ष खेल भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
समारोह में खेल मंत्री सतीश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, हजरतबल के विधायक सलमान अली सागर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव, युवा सेवा एवं खेल विभाग के आयुक्त सचिव, मंडलायुक्त कश्मीर, खेल परिषद के सचिव, खेल जगत की हस्तियां, खिलाड़ी, एथलीट, कोच, पुरस्कार विजेता और उनके अभिभावक मौजूद रहे।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82
/greater-kashmir/media/media_files/2026/08/10/govt-panel-in-jammu-2026-08-10-17-46-33.jpeg)






