
Phuket , 4 Aug : हवा में सफर के दौरान अगर विमान अचानक हिचकोले खाने लगे, तो किसी भी इंसान की जान हलक में आ जाती है. ऐसा ही कुछ खौफनाक नजारा 4 अगस्त को फुकेट (Phuket) से दिल्ली (Delhi) आ रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में देखने को मिला. हज़ारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान AI-2379 को अचानक भयानक ‘टर्बुलेंस’ (Turbulence – हवा के अशांत थपेड़े) का सामना करना पड़ा. इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आ गया, जिससे फ्लाइट के अंदर चीख-पुकार मच गई और कई यात्रियों समेत क्रू मेंबर्स घायल हो गए.
हवा में बिगड़ा बैलेंस, झटके लगने से लगी चोटें (Air India passengers injured)
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट पूरी रफ्तार से क्रूज़ कर रही थी कि तभी मौसम या एयर पॉकेट के कारण विमान को जोरदार झटके लगे. विमान की ऊंचाई में अचानक हुए इस क्षणिक बदलाव के कारण जो लोग अपनी सीट पर ठीक से नहीं बैठे थे या चल-फिर रहे थे, उनका बैलेंस बिगड़ गया. इस हादसे में एयर इंडिया के कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आई हैं.
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
गनीमत यह रही कि पायलटों ने जल्द ही स्थिति को संभाल लिया और फ्लाइट को सुरक्षित रूप से दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट पर लैंड करा दिया. लैंडिंग के तुरंत बाद, चोटिल यात्रियों और क्रू मेंबर्स को एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में एहतियातन जांच के लिए एयरपोर्ट स्थित मेडिकल फैसिलिटी में ले जाया गया.
“यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता” (Air India latest news)
इस डरावनी घटना पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए घटना की पुष्टि की है. एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है. प्रवक्ता ने कहा, “हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा तथा भलाई एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है. हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी सहायता दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं.” फिलहाल, विमानन अधिकारियों द्वारा इस टर्बुलेंस के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.






