
Gold Silver Price Today , 26 June : शुक्रवार, 26 जून को एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रही हलचल और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के चलते पिछले कुछ दिनों से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है. इसका सीधा असर भारतीय बाजार में भी दिख रहा है.
सोने की कीमत में कितनी गिरावट?
आज 24 कैरेट सोना कल के मुकाबले सस्ता हो गया है. 10 ग्राम सोने की कीमत में करीब 940 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है. जहां गुरुवार को इसका भाव 1,41,070 रुपये था, वहीं आज यह घटकर लगभग 1,40,130 रुपये पर पहुंच गया है.
इसी तरह 22 कैरेट सोना भी सस्ता हुआ है. इसमें प्रति 10 ग्राम करीब 860 रुपये की गिरावट देखी गई है. कल 1,29,220 रुपये के स्तर पर रहने वाला सोना आज लगभग 1,28,360 रुपये पर आ गया है.
चांदी में भी हल्की गिरावट
चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी है, हालांकि यह बहुत ज्यादा नहीं है. कल जहां चांदी में एक ही दिन में 10,000 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज हुई थी, वहीं आज इसमें केवल 100 रुपये प्रति किलो की मामूली गिरावट देखी गई है. अब चांदी का भाव लगभग 2,34,900 रुपये प्रति किलो चल रहा है.
क्यों गिर रहे हैं दाम?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ है और यह 13 महीने के उच्च स्तर 101.50 के करीब पहुंच गया है. डॉलर की मजबूती का सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ता है, जिससे इसमें गिरावट आती है.
इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होने और आगे बढ़ोतरी की संभावना के चलते निवेशक सोने से मुनाफा निकाल रहे हैं. इसी वजह से लगातार दबाव बना हुआ है.
आगे क्या रहेगा रुझान?
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म UBS का मानना है कि मौजूदा गिरावट लंबे समय तक नहीं रहेगी. रिपोर्ट के मुताबिक, सोने और चांदी में आगे चलकर फिर तेजी देखने को मिल सकती है. UBS का अनुमान है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना आने वाले समय में 5500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है. यानी मौजूदा स्तर से इसमें लगभग 36% तक की तेजी की संभावना जताई जा रही है.






