
श्रीनगर , 24 June : पर्यटन से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कश्मीर घाटी के विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग की प्रतिष्ठित गंडोला केबल कार सेवा, जो पिछले लगभग एक महीने से तकनीकी खराबी के चलते बंद थी, अब कल सुबह से फिर से शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार है। सेवा की बहाली के साथ ही स्थानीय पर्यटन उद्योग में नई उम्मीद और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
केबल कार कार्पोरेशन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, 25 मई को तकनीकी खराबी के कारण गोंडोला सेवा अचानक रोकनी पड़ी थी, जब विभिन्न केबिनों में 300 से अधिक पर्यटक हवा में फंस गए थे। इस दौरान हालात गंभीर हो गए थे और तत्काल बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। अभियान में केबल कार कॉर्पोरेशन की तकनीकी टीम के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने कई घंटों तक संयुक्त रूप से कार्य कर सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला।






