
जम्मू ,9 June : जम्मू नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के खिलाफ जारी अपने अभियान के अंतर्गत मंगलवार को न्यू प्लाट, जानीपुर से पलौड़ा तालाब तक फुटपाथों, सड़क किनारों को खाली करवाते हुए बड़ी संख्या में सामान की जब्ती की।
निगम आयुक्त डा. देवांश यादव के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए निगम की खिलाफवर्जी टीम ने सड़क किनारे और फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा जमाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस अतिक्रमण विरोधी अभियान की शुरुआत न्यू प्लाट इलाके में स्थित बिल्लू वाइन शाप के पास से हुई।
इसके बाद टीम ने मैन स्टाप, जानीपुर से लेकर पलौड़ा तालाब तक के पूरे मार्ग पर कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने फुटपाथों और सड़क के किनारों को पूरी तरह से खाली करवाया। आधा दर्जन के करीब रेहड़ियां, बोर्ड व दुकानों के बाहर रखा गया कई प्रकार का सामान जब्त किया गया।
तीन ट्रक सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों का करीब तीन छोटे ट्रक सामान जब्त किया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। जम्मू नगर निगम द्वारा इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक विस्तृत रोस्टर जारी किया गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में यह अतिक्रमण विरोधी अभियान 30 जून तक लगातार जारी रहेगा। इसका शुभारंभ 2 जून को किया गया था।
रोस्टर के तहत 10 जून को औकाफ मार्केट, गोल मार्केट, अप्सरा रोड के दोनों तरफ कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि फुटपाथों और सड़कों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे आम जनता को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82







