
सांबा , 2 April : सांबा जिला के सीमांत तहसील राजपुरा क्षेत्र में बुधवार को उस समय दहशत में डूब गया, जब दिनदहाड़े एक आढ़ती की निर्मम हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। दयाला चक सब्जी मंडी में काम करते आढ़ती हरीश चंदर सैनी की अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या कर दी गई। इस वारदात ने न केवल क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम लोगों में भी भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरीश चंदर सैनी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ओल्ड सांबा-कठुआ मार्ग से होते हुए अपने घर लौट रहे थे जबकि लाला चक के पास अपने निजी वाहन से पहुंचे तो रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे लिफ्ट मांगी। मानवीय आधार पर लिफ्ट देने का फैसला उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। कुछ ही दूरी तय करने के बाद हमलावरों ने अचानक उन तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमला ऐसे किया गया कि हरीश चंदर सैनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक के बेटे संगम ने बताया कि छुट्टी होने के कारण उनके पिता के पास करीब एक लाख रुपए की नकदी थी, आशंका जताई जा रही है कि हमलावर हत्या के बाद उक्त राशि भी अपने साथ ले गए। हालांकि पुलिस इस मामले को केवल लूट के नजरिए से ही नहीं, बल्कि अन्य संभावित एंगल से भी देख रही है। सूत्रों के अनुसार, हरीश चंदर सैनी दयाला चक मंडी में आढ़ती का काम करते थे और प्रारंभिक जानकारी यह भी सामने आई है कि हमलावर मंडी के आसपास काम करने वाले तथा मृतक के परिचित लोग हो सकते हैं। ऐसे में हत्या के पीछे कई संभावित कारण, जैसे पैसों की लूट, आपसी रंजिश या लेन-देन का विवाद हो सकते हैं।
फिलहाल इन सभी पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे लगातार गहन पूछताछ जारी है और कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सांबा भेजा गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DSP हेडक्वार्टर सांबा डॉ. सुमित शर्मा, थाना प्रभारी घगवाल आशानंद सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी राजपुरा स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82







