
ऊधमपुर, 1 April : जिला ऊधमपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 3 ड्रग तस्करों को 64.72 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पहले मामले में मजालता पुलिस टीम ने मनवाल चैक के पास गश्त के दौरान मनवाल से बट्टल की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र मोहिंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर-8 रामनगर, ऊधमपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस स्टेशन मजालता में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत एफआईआर नंबर 42/2026 दर्ज की गई है।
दूसरे मामले में बट्टल नाका पर चेकिंग के दौरान मनवाल से बट्टल की ओर आ रही मोटरसाइकिल (JK14H-4517) को रोका गया। बाइक सवार ने अपनी पहचान अभिकांत शर्मा पुत्र सोम राज निवासी रठियान, तहसील व जिला ऊधमपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एफआईआर नंबर 43/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, तीसरे मामले में ऊधमपुर पुलिस ने सुभाष स्टेडियम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान हारिस हुसैन पुत्र रेफत हुसैन निवासी कोतवाल मोहल्ला, किश्तवाड़ के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधित पदार्थ जब्त कर लिया। इस मामले में पुलिस स्टेशन ऊधमपुर में एफआईआर नंबर 114/2026 दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







