
मिडिल ईस्ट , 17 Mar : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अब ड्रोन वॉर ने नया मोर्चा खोल दिया है। इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास के ऊपर ड्रोन उड़ने का वीडियो सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। ईरानी सरकारी मीडिया Press TV ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक FPV ड्रोन US Embassy Baghdad के ऊपर “खुले पंछी” की तरह उड़ता नजर आ रहा है।
दावा किया गया कि ड्रोन बिना एयर डिफेंस को सक्रिय किए वहां तक पहुंच गया। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार, बगदाद में अमेरिकी दूतावास और एक होटल को निशाना बनाकर कई ड्रोन हमले करने की कोशिश की गई। इराक की सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि कम से कम चार ड्रोन को समय रहते मार गिराया गया। इनमें से एक ड्रोन ग्रीन ज़ोन के अंदर गिरा, जबकि दूसरा अबू नवास स्ट्रीट के पास गिरा।
इराक के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि एक ड्रोन Al-Rasheed Hotel के ऊपरी हिस्से से टकराया, लेकिन इससे कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई। वहीं, बगदाद में कई धमाके भी सुनाई दिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक ईरान समर्थित समूह की इमारत पर एयरस्ट्राइक में कम से कम चार लोगों की मौत हुई। यह हमला ग्रीन ज़ोन के पास जदीरिया इलाके में हुआ। वीडियो फुटेज में अमेरिकी दूतावास के पास धुआं और आग दिखाई दी, साथ ही आसमान में एयर डिफेंस सिस्टम को ड्रोन इंटरसेप्ट करते हुए देखा गया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अमेरिका ने इराक के लिए लेवल-4 चेतावनी जारी कर दी है, जो सबसे उच्च सुरक्षा अलर्ट माना जाता है।






