
रांची/जमशेदपुर , 5 Feb : जमशेदपुर शहर को लेकर खुफिया एजेंसियों ने आतंकी हमले की आशंका जताई है. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. जिले के एसएसपी पीयूष पांडे समेत सभी आला अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश मुख्यालय से दिए गए हैं. शहर के प्रमुख इलाकों रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, औद्योगिक क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही इंटेलिजेंस ब्यूरो को आसपास के क्षेत्रों में भी नजर रखने का आदेश दिया गया है.
रिपोर्ट में स्लीपर सेल सक्रिय होने का दावा
खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जमशेदपुर में कुछ स्लीपर सेल सक्रिय हो सकते हैं जिनका संबंध पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण लेने वाले लोगों से बताया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार इस नेटवर्क का संचालन आजादनगर के जाकिरनगर रोड नंबर-14 निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान कर रहा है.
अर्शियान दिल्ली पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और संभावित ठिकानों की लगातार जांच कर रही हैं.
इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस
जांच एजेंसियों की सिफारिश पर इंटरपोल ने सैयद मोहम्मद अर्शियान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है. इसके बाद से उसकी तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है. देश और विदेश में उसके नेटवर्क की भी जांच जारी है. अधिकारियों के अनुसार अर्शियान का भाई मोहम्मद जीशान पहले से ही दिल्ली की जेल में बंद है. उसे 9 अगस्त 2017 को आतंकी संगठनों से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
अलकायदा नेटवर्क से जुड़े होने का भी है शक
जांच एजेंसियों को शक है कि अर्शियान और जीशान के संबंध अलकायदा नेटवर्क से रहे हैं. दोनों का नाम वर्ष 2016 के ओडिशा मामले में भी सामने आया था जब अलकायदा से जुड़े आतंकी अब्दुल रहमान कटकी की गिरफ्तारी हुई थी और उसके नेटवर्क का खुलासा हुआ था.
जिले और आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
खुफिया अलर्ट के बाद जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. होटल, लॉज, किराए के मकानों और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी और जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है.
लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें. अधिकारियों का कहना है कि आम जनता के सहयोग से ही किसी भी बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सकता है.
प्रशासन ने दिलाया स्थिति पर नियंत्रण का भरोसा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है.






