
जम्मू , 1 Feb : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए साल 2026-27 के लिए 43,290 करोड़ का आबंटन किया है। बजट दस्तावेजों के अनुसार इस कुल राशि में से 42650 करोड़ की राशि केंद्रीय सहायता के रूप में जम्मू-कश्मीर को उपलब्ध करवाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त केंद्र शासित प्रदेश आपदा प्रतिक्रिया कोष में योगदान हेतु 279 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जबकि पूंजीगत व्यय के लिए 101.77 करोड़ रुपए आबंटित किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में जम्मू-कश्मीर को 41,000.07 करोड़ रुपए आबंटित किए गए थे, जबकि संशोधित अनुमान में यह राशि बढ़कर 41,340.22 करोड़ रुपए हो गई थी। ऐसे में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 2026-27 के बजट में जम्मू-कश्मीर को 1950 करोड़ की राशि ज्यादा उपलब्ध करवाई जा रही है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर पुलिस जोकि अनुच्छेद 370 की समाप्ति और राज्य के पुनर्गठन के बाद सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है, को 9925.50 करोड़ रुपए आबंटित करने का प्रावधान किया है। यह राशि 2025-26 के वित्त बजट के मुकाबले में अधिक है। गत बजट में जम्मू-कश्मीर पुलिस को 9097.44 करोड़ की राशि उपलब्ध करवाई गई थी।






