नई दिल्ली, 24 अप्रैल: केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ना होगा क्योंकि 27 अप्रैल से उनके वीजा रद्द कर दिए गए हैं। विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को पाकिस्तान की यात्रा न करने की भी सलाह दी है।
बयान में कहा गया, “पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के क्रम में, भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीज़ा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है। भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीज़ा 27 अप्रैल 2025 से रद्द हो जाएंगे। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीज़ा केवल 29 अप्रैल 2025 तक वैध होंगे।”