
श्रीनगर, 24 Nov : अगर कोई व्यक्ति आपको कुछ पैसों के बदले अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड इस्तेमाल करने के लिए देने को कहता है तो सावधान हो जाएं। आसान कमाई का यह लालच आपको साइबर अपराध के मामले में फंसा सकता है। साइबर ठग लोगों को बिना मेहनत अतिरिक्त कमाई का प्रलोभन देकर उनके बैंक खातों और संचार माध्यमों का इस्तेमाल अपने गैरकानूनी कामों के लिए कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस तरह के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पुलिस ने अपने आधिकारिक इंटरनेट मीडिया हैंडल पर एडवाइजरी जारी कर तथाकथित ‘म्यूल अकाउंट’ घोटालों के प्रति आगाह किया है। इसमें ठग लोगों को कुछ रकम देने का प्रस्ताव रखते हैं और बदले में उनका बैंक खाता इस्तेमाल करने की अनुमति मांगते हैं।
कई बार लोगों से एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या वाट्सएप अकाउंट भी अपने नियंत्रण में देने को कहा जाता है। लोग थोड़े से पैसों के लालच में अपनी वित्तीय और संचार संबंधी सुविधाओं का इस्तेमाल दूसरों को करने देते हैं, जबकि उन्हें यह जानकारी नहीं होती कि इनका उपयोग किस काम के लिए किया जाएगा।
साइबर ठगी की रकम का हो सकता है लेनदेन
पुलिस के अनुसार, ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए किया जा सकता है। ठग किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के बाद उसकी रकम ऐसे बैंक खातों में मंगवाते हैं, जिनका इस्तेमाल वे दूसरों के नाम पर कर रहे होते हैं। इस तरह खाते का वास्तविक मालिक अनजाने में साइबर अपराधियों के नेटवर्क का हिस्सा बन सकता है।
पुलिस ने चेताया है कि खाते का इस्तेमाल भले ही कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा हो, लेकिन साइबर ठगी की जांच में बैंक खाते के वास्तविक धारक की भूमिका भी सामने आ सकती है। ऐसे में उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को पैसों के बदले अपना बैंक खाता या उससे जुड़ी सुविधाएं इस्तेमाल करने की अनुमति देना जोखिम भरा है।
ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या वाट्सएप अकाउंट इस्तेमाल करने के लिए न सौंपें। आसान कमाई या पैसिव इनकम के नाम पर मिलने वाले ऐसे प्रस्तावों से सावधान रहें।
वहीं, साइबर ठगी का शिकार होने पर पीड़ित को बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करना चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसे किसी भी प्रस्ताव के झांसे में न आने की अपील की है।


-1795682912193_v.webp)



