
जम्मू , 23 Nov : उत्तर भारत के सबसे बड़े किसान मेला यानी ऐतिहासिक झिड़ी मेला आज से शुरू हो गया है। मेले में इस बार जम्मू की महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता की खास चमक देखने को मिलेगी। महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए जागृति महिला उद्योग केंद्र, जम्मू से जुड़ी महिलाएं मेले की शान बढ़ाने के लिए आकर्षक टैडीबियर और विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित खिलौने तैयार करने में जुटी हुई हैं। कल 23 नवंबर से शुरू हो रहे झिड़ी मेले में इन महिलाओं द्वारा विशेष स्टाल लगाए जाएंगे, जहां वे मेले की समाप्ति तक मौजूद रहकर अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी।
इन समूहों के तहत करीब एक दर्जन महिलाएं मिलकर आत्मनिर्भरता की इस मुहिम को आगे बढ़ा रही हैं। घर की दहलीज से बाहर निकलकर ये महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं।
टैडीबियर से लेकर भगवान के वस्त्रों तक तैयार किए कई आकर्षक उत्पाद
ऐसी संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं छोटे-मोटे टैडीबियर और खिलौनों के अलावा दैनिक उपयोग, सजावट और पूजा-पाठ की कई बेहतरीन वस्तुएं भी तैयार करती हैं।
इस केंद्र की महिलाओं ने बच्चों के लिए आकर्षक पेंसिल बॉक्स, टिफिन बैग और हेयर स्क्रंची से लेकर सुगंधित कैंडल, हवन कप और भगवान के छोटे-बड़े सुंदर वस्त्र बनाए हैं।
स्थानीय कारीगरी और महिलाओं की मेहनत से तैयार ये उत्पाद मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और किसानों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।
प्रधान वीना बख्शी के नेतृत्व में पूरी टीम का मिल रहा सहयोग
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में केंद्र की पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है। जागृति महिला उद्योग केंद्र की प्रधान वीना बख्शी की अध्यक्षता में इस रचनात्मक कार्य को अंजाम दिया जा रहा है।
उनकी इस टीम में रजनी, मीनाक्षी, प्रतिभा, बाला, संतोष के साथ-साथ राकेश और ओम प्रकाश आदि भी सक्रिय रूप से शामिल हैं, जो इन उत्पादों को तैयार करने और मेले की व्यवस्थाओं को संभालने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
इतना ही नहीं जम्मू स्थित रैन बसेरा में रहने वालों ने भी इसमें सहयोग किया है। उनका कहना है कि विभिन्न मेलों, प्रदर्शनियों में ये महिलाएं अपने उत्पाद प्रदर्शित करती हैं।





