
बिश्नाह, 16 Nov : बिश्नाह बाईपास पर सड़क निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने को लेकर कस्बावासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर तारकोल बिछाने के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि एई-जेई की मिलीभगत से सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।तारकोल डालने के साथ ही उखड़ रही है।
कस्बावासियों की शिकायत मिलते ही विधायक बिश्नाह डॉ. राजीव कुमार भगत बिना देरी किए मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया।
सड़क की स्थिति और सामग्री के इस्तेमाल को लेकर नाराजगी जताते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद ठेकेदार, जेई और एईई को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर जवाब भी मांगा और तत्काल प्रभाव से सड़क निर्माण का काम बंद करवा दिया।
विकास कार्यों में घटिया गुणवत्ता बर्दाश्त नहीं
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता के पैसे के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाए।
विधायक ने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों में पूरे करना मकसद नहीं, बल्कि लोगों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता है। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच की मांग
विधायक की इस कार्रवाई के बाद कस्बावासियों ने संतोष जताते हुए मांग की कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही दोबारा काम शुरू किया जाए।
)

)


