)
New Delhi , 16 Nov : समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की 10 दिन की रिमांड और बढ़ा दी गई है. ईडी की चार दिन की कस्टडी आज यानी 16 नवंबर को खत्म हो रही थी, जिसके बाद एजेंसी ने उन्हें गाजियाबाद की PMLA अदालत में पेश किया था.
अखिलेश बोले- आजम खान के साथ मुसलसल नाइंसाफी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलश यादव ने अदालत के फैसले पर कहा कि आजम खान के साथ मुसलसल नाइंसाफी हो रही है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘आदरणीय आजम खान जी के साथ जो मुसलसल नाइंसाफी हो रही है, उसका जवाब यूपी ही नहीं पूरे देश की जनता समय आने पर देगी.’
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जुल्म करनेवाली भाजपा सरकार को ये याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा किसी के हाथ में नही रहती है और सत्ता सदुपयोग के लिए होती है, दुरुपयोग के लिए नहीं. सब, सब समझ रहे हैं.’
जेल से रिहा होते ही ED ने किया था अरेस्ट
जौहर अली यूनिवर्सिटी के फाउंडर आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने PMLA के तहत 31 अक्टूबर की शाम को गिरफ्तार किया था. रामपुर की जेल से रिहा होने के बाद ईडी ने आजम खान को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था. उन्हें 12 नवंबर की शाम तक पूछताछ के लिए कस्टडी में रखा गया. बाद में गाजियाबाद की डासना जेल में भेज दिया गया.
सुप्रीम कोर्ट भी गए थे आजम खान
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत के लिए सपा नेता आजम ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था. सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने उनकी याचिका पर सुनवाई की, लेकिन टॉप कोर्ट ने मामले में सीधे हस्तक्षेप से मना कर दिया.
शिवपाल ने डासना जेल में की थी आजम खान से मुलाकात
सपा नेता शिवपाल यादव ने गुरुवार (12 नवंबर) को डासना जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की थी. सपा नेता ने मुलाकात के बाद कहा कि जेल अधिकारी आजम खान को परेशान कर रहे हैं और उनकी जान लेने के प्रयास किए जा रहे हैं.
शिवपाल ने दावा किया कि आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे फर्जी हैं और उम्मीद जताई कि उन्हें अदालत से न्याय मिलेगा. उन्होंने कहा कि 10 बार विधायक, चार बार मंत्री एवं दो बार सांसद रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आजम खान के मामले में जेल प्रोटोकॉल का उल्लंघन हो रहा है. खाने से लेकर अन्य सभी मामलों में नियमों की अनदेखी हो रही है. कई बार उनकी जान लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह मजबूती से खड़े हैं.
)




