)
जम्मू-कश्मीर , 16 Nov : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर अटैक करने वाले दोनों आतंकी मारे गए. सुरक्षाबलों ने सोमवार (16 नवंबर) को एक जॉइंट ऑपरेशन में दोनों को मार गिराया. बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों में लश्कर कमांडर लतीफ भट भी शामिल है.
कश्मीर जोन पुलिस की ओर से थोड़ी देर पहले बताया गया था कि कुलगाम में आतंकियों के साथ एनकाउंटर शुरू हो गया है. पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान ड्यूटी पर मुस्तैद हैं.
आतंकी लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम
सुरक्षाबलों को काफी समय से लश्कर के कमांडर लतीफ भट की तलाश थी. जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की ओर से लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.
नाकेबंदी और सर्च ऑपरेशन से बौखला गया था लतीफ
कुलगाम में CRPF की नाका पार्टी पर हमले से पहले श्रीनगर पुलिस की ओर से लतीफ भट के पोस्टर चस्पा किए थे. इसी वजह से लतीफ भट बौखला गया था क्योंकि जगह-जगह नाकाबंदी और सर्च ऑपरेशन की वजह से वो आतंकी गतिविधियों को अंजाम नहीं दे पा रहा था. कहा जाता है कि इसीलिए उसने सीआरपीएफ की पार्टी पर हमला कराया था.
CRPF ने हमले के बाद जारी किया था बयान
सीआरपीएफ की ओर से नाका पार्टी पर हमले के बारे में बताया गया था कि बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने कुलगाम में नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग कर दी, जिसमें सीआरपीएफ के 3 जवान घायल हो गए. यह घटना दोपहर करीब 2.15 बजे हुई.
किन-किन हमलों का मास्टरमाइंड है लतीफ भट?
11 नवंबर, 2026: कुलगाम में मीर बाजार के पास नौपोरा अखरान में CRPF की नाका पार्टी पर किया अटैक
22 जुलाई, 2026: अनंतनाग में पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैसी की हत्या
31 जुलाई, 2026: किलम-अखरान इलाके में ईंट-भट्टे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूरों की हत्या
महबूबा मुफ्ती बोलीं- पूरे इलाके को छावनी बना दिया
सुरक्षाबलों की ओर से कुलगाम में सर्च ऑपरेशन पर पीडीपी चीफ और जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अखरान-नोपोरा को पूरी तरह छावनी बना दिया गया है, निर्दोष लोगों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए.
Akhran Nowpora in Kulgam has virtually been turned into a cantonment following the attack on CRPF personnel a few days ago. The reports emerging from the area are extremely distressing. Punishing an entire population for the actions of unidentified militants and possible security lapses is deeply unjust and unacceptable. Collective punishment only breeds alienation and resentment. Innocent people must not be made to suffer.
— Mehbooba Mufti (@MehboobaMufti) November 16, 2026
महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर लिखा, ‘कुछ दिन पहले CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद कुलगाम के अखरान नोपोरा को लगभग एक छावनी में तब्दील कर दिया गया है. वहां से आ रही खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं. अज्ञात उग्रवादियों की हरकतों और सुरक्षा में संभावित चूक के लिए पूरी आबादी को सजा देना पूरी तरह गलत और अस्वीकार्य है. सामूहिक सजा से केवल अलगाव और नाराजगी ही पैदा होती है.’

)




