
वृंदावन , 30 Sep : वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. उनके शिष्य रहे रसिक दुलारी शरण यानी दीपक लोधी की संदिग्ध हालत में मौत के बाद अब आश्रम के अंदर कई चीजें बदली जा रही हैं. इसी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आश्रम के ही कुछ सेवक नए नियमों के बारे में बताते नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि अब आश्रम में रहने और सेवा करने वाले शिष्यों के कपड़े पहनने को लेकर नया फरमान जारी हुआ है.
अब सफेद और पीला अचला नहीं पहन सकेंगे शिष्य
वायरल वीडियो में जो बात कही जा रही है उसके मुताबिक अब केली कुंज आश्रम में हर कोई सफेद या पीला अचला नहीं पहनेगा. जिन शिष्यों का परिवार है या जो बाहर कोई काम धंधा करते हैं, जैसे दुकान चलाना, ठेला लगाना या कोई और नौकरी करना, उनको आम कपड़े पहनने के लिए कहा गया है. वो कुर्ता पायजामा जैसे सामान्य कपड़े पहनेंगे. वहीं जो शिष्य पूरी तरह से वैरागी हैं और दिन रात आश्रम की सेवा में ही लगे रहते हैं, सिर्फ उन्हें ही सफेद कपड़े पहनने की इजाजत होगी. ये जानकारी प्रेमानंद जी से जुड़े कई सोशल मीडिया पेज पर शेयर की जा रही है.
आश्रम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया
हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक आश्रम प्रबंधन या ट्रस्ट की तरफ से कोई पक्की जानकारी नहीं दी गई है. किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति ने इस बात पर मुहर नहीं लगाई है कि सच में ऐसे नियम बनाए गए हैं. इसलिए अभी कन्फ्यूजन बना हुआ है कि ये बदलाव वाकई लागू हुए हैं या सिर्फ सोशल मीडिया की अफवाह है. लोग इसे दीपक लोधी की मौत के बाद उठाया गया कदम बता रहे हैं.
दीक्षा के नियमों में भी हो सकता है बदलाव
सिर्फ कपड़ों को लेकर ही नहीं, बल्कि नए लोगों को शिष्य बनाने और दीक्षा देने के नियमों में भी बदलाव की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि आगे से जो भी नया शिष्य बनेगा उसके लिए कुछ सख्त शर्तें रखी जा सकती हैं. कुछ पाबंदियां भी लगाई जा सकती हैं ताकि आश्रम की व्यवस्था सही बनी रहे. लेकिन जब तक आश्रम की ओर से आधिकारिक ऐलान नहीं होता, तब तक इन सभी दावों पर संशय बना रहेगा.



-1791021998069_v.webp)



