
नई दिल्ली, 29 Sep : पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में रविवार दोपहर को मंत्री प्रवेश वर्मा और आप विधायक जरनैल सिंह के बीच सड़क निरीक्षण के दौरान विवाद हुआ, जो बाद में एक थप्पड़ कांड में बदल गया।
प्रवेश वर्मा रोहिणी के कार्यक्रम से लौटते हुए तिलक नगर में सड़क का निरीक्षण करने रुके। आप विधायक जरनैल सिंह वहां पहुंचे। दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया। जरनैल सिंह ने खराब सड़क की शिकायत की और पहले के वीडियो दिखाए, जिनमें वे सड़क की परतें उखाड़कर घटिया काम और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते थे। उन्होंने बताया कि सड़क की मोटाई 70 मिमी होनी चाहिए, लेकिन यहां 20 मिमी भी नहीं है।
जरनैल सिंह ने सड़क के हिस्से तोड़कर दिखाए
मंत्री प्रवेश सिंह ने चुनौती दी कि सड़क उखाड़कर दिखाएं। जरनैल सिंह ने घुटने टेककर ताजी डामर की परत को हाथों से उखाड़ा। कंकड़-पत्थर निकल आए। फिर दूसरे हिस्से में सड़क आसानी से टूट गई। जरनैल सिंह ने बड़े-बड़े टुकड़े हाथ में लेकर कहा कि यह बीजेपी सरकार में हो रहा काम है और उनकी वीडियो डिलीट करवाई जा रही हैं।
पीड़ित साहिब सिंह ने लगाए मंत्री पर आरोप
इसी दौरान जरनैल सिंह के सोशल मीडिया हैंडलर साहिब सिंह (22) लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे। अचानक प्रवेश वर्मा ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। साहिब ने आरोप लगाया कि मंत्री ने फोन छीनकर थप्पड़ मारा ताकि लाइव बंद हो जाए। उनके सुरक्षाकर्मी ने भी धक्का दिया। साहिब का कहना है कि उन्होंने कुछ नहीं कहा था। इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई।
मंत्री ने गाली-गलौज करने का लगाया आरोप
प्रवेश वर्मा का पक्ष है कि जरनैल सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ आए और बदतमीजी शुरू की। एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गालियां दीं, जिससे गुस्से में प्रतिक्रिया हुई। उन्होंने कहा कि आप कार्यकर्ता सरकारी काम में बाधा डाल रहे थे। इसके अलावा मंत्री ने विधायक पर सड़क निर्माण के बदले कमीशन मांग रहे थे।
आप नेताओं ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद आप के तमाम नेता तिलक नगर में मंत्री पर एफआईआर दर्ज करने के लिए प्रदर्शन करने लगे। सोमवार को भी सौरभ भारद्वाज समेत तमाम नेता थाने पहुंचकर एफआईआर की मांग करने लगे। दिल्ली पुलिस ने मंत्री के खिलाफ नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की, जबकि जरनैल सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का एफआईआर दर्ज हुआ।
अरविंद केजरीवाल ने साधा पीएम पर निशाना
मंगलवार को अरविंद केजरीवाल भी तिलक नगर इलाके में पहुंच का सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने काम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और सीधे प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। केजरीवाल ने जेन जी के सपोर्ट के लिए प्रधानमंत्री को सलाह भी दी। उन्होंने मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की।
यह प्रवेश वर्मा का पहला विवाद नहीं। 2022 में यमुना घाट पर जल बोर्ड अधिकारी के साथ भी उनका झगड़ा हो चुका था। इस घटना पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उनकी चुप्पी मंत्री के गलत कामों को स्वीकृति दे रही है।

-1790666599691_v.webp)

-1791021998069_v.webp)



