
श्रीनगर , 28 Sep : जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा है कि विधानसभा में लाए गए प्रस्ताव में राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे के साथ 2000 और 2024 के प्रस्तावों के संदर्भ शामिल किए जाने के विरोध में भाजपा पूरे जम्मू-कश्मीर में प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा राज्य का दर्जा बहाल करने के पक्ष में है, लेकिन 1953 से पहले की संवैधानिक स्थिति से जुड़े किसी भी संदर्भ का समर्थन नहीं करेगी।
श्रीनगर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में सुनील शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और यहां पाकिस्तान के एजेंडे के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा का प्रस्ताव केवल राज्य का दर्जा बहाल करने तक सीमित रहता, तो भाजपा उसका समर्थन करती।






