
श्रीनगर , 28 Sep : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किए जाने के समय को लेकर स्पष्टता मांगी। विधानसभा में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग वाले प्रस्ताव पर बहस के दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि ‘जितनी जल्दी संभव हो’ राज्य का दर्जा बहाल करने के आश्वासन का आखिर मतलब क्या है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वह राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए ‘उचित समय’ किसे मानती है।
उन्होंने कहा, ‘मैं हर संभव मंच पर केंद्र से पूछता हूं कि हमें बताइए, राज्य का दर्जा मांगने का उचित समय क्या है?’
मुख्यमंत्री ने राज्य का दर्जा बहाल करने को सुरक्षा स्थिति या आतंकवाद से जोड़ने की किसी भी कोशिश पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी शर्त लगाने का मतलब होगा कि इस फैसले पर नई दिल्ली का नियंत्रण नहीं रहेगा।





