श्रीनगर, 15 Sep : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग इलाके में बाग में सेब तोड़ रहे भाई-बहन पर खूंखार भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
भालू ने 23 वर्षीय आबिद नजीर और 16 वर्षीय सेहरीश नजीर पर हमला किया था। दोनों बाग में जाकर सेब तोड़ रहे थे तभी अचानक से वहां भालू आ गया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, दोनों बाग में सेब तोड़ रहे थे, तभी अचानक भालू वहां आ गया और उन पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। डूरू कंट्रोल रूम की वन्यजीव विभाग की टीम इलाके में पहुंची और जानवर को खोजने और पकड़ने के लिए कारर्वाई शुरू की। खबर लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था।
इधर वन्यजीव अधिकारी ने निवासियों को सुरक्षा सलाह का पालन करने और सुबह-सुबह या देर सुबह अकेले बाहर निकलने से बचने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से बागों में जाते समय समूह में चलने और इलाकों को साफ रखने का आग्रह किया ताकि जंगली जानवरों को वहां लंबे समय तक रुकने से रोका जा सके।







